वैवाहिक विवाद में पति की हत्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
बालोतरा। जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां वैवाहिक विवाद और अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना खारापार गांव के मलबा गोयलान की है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महेंद्र कुमार (21) पुत्र पेमाराम मेघवाल निवासी मलबा गोयलान के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व बागुंडी निवासी अनु देवी के साथ हुई थी, लेकिन विवाह के बाद से ही दोनों के बीच संबंध सामान्य नहीं थे। बताया जा रहा है कि अनु देवी इस शादी से खुश नहीं थी और अधिकांश समय अपने पीहर में ही रह रही थी।
इसी दौरान अनु देवी का संपर्क तिलवाड़ा निवासी शिक्षक अमराराम पुत्र चेनाराम मेघवाल से हुआ, जो वर्तमान में चिड़िया क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में पदस्थापित है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह संबंध धीरे-धीरे अवैध रिश्ते में बदल गया।
कुछ दिन पहले ही अनु देवी अपने ससुराल लौटी थी, जहां पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। इसी विवाद के चलते महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत दोनों ने मिलकर महेंद्र कुमार का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को डिटेन कर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या करना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Write a Response