नववर्ष व नवरात्रि पर 108 बालिकाओं का भव्य कन्यापूजन, सेवा और संस्कार का संदेश
जोधपुर। भारतीय नववर्ष और नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में श्रद्धा, सेवा और संस्कारों का अनूठा संगम देखने को मिला। सेवा भारती एवं नववर्ष महोत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में सेवाकुंज बालिका छात्रावास, गुरुओं का तालाब में 108 बालिकाओं का विधिवत कन्यापूजन किया गया। आयोजन में बालिकाओं के प्रति सम्मान और स्नेह का भाव स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं का पारंपरिक तरीके से चरण वंदन कर तिलक लगाया गया। इसके साथ ही पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया और मुंह मीठा करवाकर नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन स्थल पर भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा, जहां धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को नववर्ष और नवरात्रि के महत्व से भी अवगत कराया गया।
सेवा भारती महानगर अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सम्मान और उनके सर्वांगीण विकास के लिए समाज को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। वहीं नववर्ष महोत्सव समिति के महासचिव वरुण धनाडिया ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना है।
कार्यक्रम में सभी बालिकाओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और आनंद का माहौल बना रहा। महोत्सव समिति के संरक्षक निर्मल गहलोत ने कहा कि संस्था द्वारा इस तरह के आयोजन समाज में बेटियों के सशक्तिकरण और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष नरपत सांखला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मंगलाराम, विभाग कार्यवाह मनोहर सिंह, सहकार भारती के महेंद्र दवे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प दोहराया।
Write a Response