जोधपुर। शहर के सरदारपुरा क्षेत्र में रात्रि के समय तलवारबाजी और तोड़फोड़ करने वाली गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विशेष टीम ने महज 24 घंटे में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त कमल शेखावत के निर्देशानुसार जोधपुर आयुक्तालय में संगठित अपराध, माफिया गतिविधियों और अवैध वसूली करने वाले बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा के निर्देशन में थानाप्रभारी विश्राम मीणा के नेतृत्व में टीम गठित कर तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने इस मामले में योगेश माली (26) निवासी सूरसागर और जयेश वैष्णव (25) निवासी चांदपोल को गिरफ्तार किया है। दोनों पर रात्रि में सरदारपुरा बी रोड स्थित एक मकान के बाहर तलवारबाजी और तोड़फोड़ करने का आरोप है।
घटना 24 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है, जब बद्री पान वाली गली निवासी 62 वर्षीय मोहनसिंह अपने घर की बालकनी में सो रहे थे। इसी दौरान 10-15 बदमाश अचानक पहुंचे और तलवार, बोतलें, पिस्तौल तथा पेट्रोल से भरी बोतलों के साथ हमला कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए घर पर फायरिंग की और बाहर खड़ी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों में शामिल विजय वैष्णव से प्लॉट दिलाने के एवज में कमीशन मांगने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में यह हमला किया गया। हमलावरों ने उनके भांजे से स्कूटी भी छीन ली।
पीड़ित की रिपोर्ट पर सरदारपुरा थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Write a Response