शादी समारोह में चोरी करने वाली गैंग सक्रिय

जोधपुर। शहर में शादी समारोहों के दौरान चोरी की वारदातें बढ़ने लगी हैं। हाल ही में बोरानाडा थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए बैग काटकर करीब दो लाख रुपए नकद और लिफाफे पार कर दिए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 


शादी समारोह में चोरी करने वाली गैंग सक्रिय, बैग काटकर दो लाख रुपए चुराए

जोधपुर। शहर में शादी समारोहों के दौरान चोरी की वारदातें बढ़ने लगी हैं। हाल ही में बोरानाडा थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए बैग काटकर करीब दो लाख रुपए नकद और लिफाफे पार कर दिए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार धुंधाड़ा हाउस, बच्छराज जी का बाग निवासी इन्द्रजीत सिंह मेवाड़ा ने बोरानाडा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 7 मार्च को उनके भतीजे की शादी इन्द्रप्रस्थ रिसोर्ट के पास स्थित एस.एच. गार्डन, पाल-चौपासनी बाईपास रोड पर आयोजित हो रही थी। शादी समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान शामिल हुए थे और कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ चल रहा था।

पीड़ित के अनुसार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच वह समारोह स्थल पर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। उसी दौरान उनके हाथ में बैंगनी रंग का एक बैग था, जिसमें करीब दो लाख रुपए नकद रखे हुए थे। नकदी में 500-500 रुपए के चार बंडल थे, इसके अलावा शादी में व्यवहार के रूप में मिले कई लिफाफे भी उसी बैग में रखे हुए थे।

इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर बैग के दोनों तरफ से ब्लेड या किसी तेज धारदार वस्तु से कट लगा दिया और उसमें रखी नकदी तथा कुछ लिफाफे निकालकर फरार हो गया। घटना का पता तब चला जब पीड़ित ने बैग की स्थिति देखी और उसमें रखे रुपए गायब मिले। इसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पीड़ित ने आशंका जताई है कि घटना के समय वहां मौजूद ढोल बजाने वाले लड़कों या किसी सक्रिय गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस का कहना है कि शादी समारोहों में इस तरह की वारदातें करने वाले गिरोह सक्रिय रहते हैं, जो भीड़ का फायदा उठाकर चोरी कर लेते हैं।

बोरानाडा थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल महेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

 
 
 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response