जोधपुर। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, जोधपुर में कार्यरत फैकल्टी सदस्य अन्नम्मा सुमोन को नर्सिंग विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने यह उपाधि Geetanjali University से प्राप्त की।
अन्नम्मा सुमोन ने “गर्भवती महिलाओं के जीवन की गुणवत्ता और जन्म परिणामों पर चयनित बहु-घटक नर्सिंग हस्तक्षेपों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करने के लिए एक यादृच्छिक नियंत्रित परीक्षण” विषय पर अपना शोध कार्य पूर्ण किया। यह शोध कार्य उन्होंने प्रोफेसर Dr. Yogeshwar Puri Goswami के निर्देशन में संपन्न किया।
उनका यह शोध मातृ स्वास्थ्य और नर्सिंग हस्तक्षेपों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है। शोध के माध्यम से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, जीवन गुणवत्ता और सुरक्षित प्रसव परिणामों को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी नर्सिंग उपायों पर विशेष फोकस किया गया है।
वर्तमान में अन्नम्मा सुमोन राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, जोधपुर में फैकल्टी के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं और विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा प्रदान कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
अन्नम्मा सुमोन के कई शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं, जो उनके शैक्षणिक और शोध कौशल को दर्शाते हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर गुरुजनों, सहकर्मियों, मित्रों और परिवारजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि नर्सिंग शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।
Write a Response