जोधपुर। शहर में एक बेहद दर्दनाक हादसे में संविदा होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. इंडिया डागुर की मौत हो गई। घटना ने चिकित्सा जगत सहित पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. इंडिया डागुर जोधपुर स्थित आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय में संविदा पर कार्यरत थीं। रविवार को कॉलेज से स्कूटी पर अपने घर लौटते समय अचानक रास्ते में एक सांड ने उन पर हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान उनके गर्दन पर गहरी चोट आई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव के चलते ब्रेन हेमरेज हुआ, जो उनकी मौत का मुख्य कारण बना।
डॉ. इंडिया डागुर की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पिता और भाई हिंडौन सिटी से जोधपुर पहुंच चुके हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका का पोस्टमार्टम जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में किया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।
डॉ. इंडिया डागुर मूल रूप से करौली जिले के हिंडौन सिटी की निवासी थीं और अपनी सेवाओं के प्रति समर्पित मानी जाती थीं। उनके अचानक निधन से चिकित्सा क्षेत्र में भी शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद शहर में आवारा पशुओं की समस्या पर चिंता जताई है और प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Write a Response