जोधपुर: साइबर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए हो रही साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये की ठगी का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों—देव कंडारा, फरदीन खान, रोहित पंडित और हिमांशु यादव—को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय जयपुर और भारतीय साइबर क्राइम समन्वय केंद्र, गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई। पुलिस आयुक्त शरत कविराज और डीसीपी मुख्यालय शाहीन सी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त धन्ना राम के सुपरविजन में साइबर थाना टीम ने यह सफलता हासिल की। सहायक पुलिस आयुक्त पदमदान चारण के मार्गदर्शन में निरीक्षक सुरेश सारण के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि फरदीन खान ने अपने दो बैंक खातों के जरिए 33 लाख रुपये, देव कंडारा ने 14.50 लाख रुपये और हिमांशु यादव ने 19 लाख रुपये साइबर ठगी के माध्यम से प्राप्त किए। देव कंडारा ने अपना खाता रोहित पंडित को उपयोग के लिए दिया था। चारों आरोपी अलग-अलग राज्यों में दर्ज करीब 15 साइबर ठगी मामलों से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पीसी रिमांड लिया गया है। मामले में अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार साइबर ठग मजदूर वर्ग के लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर उन्हें 15 से 20 हजार रुपये का लालच देते हैं। इसके बाद एटीएम कार्ड, सिम और पासबुक अपने पास रखकर ठगी की रकम तुरंत निकाल लेते हैं।
Write a Response