‘आपदा में अवसर ढूंढती कांग्रेस’ : राजेन्द्र पालीवाल
जोधपुर। गैस की संभावित किल्लत और महंगाई को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राजेन्द्र पालीवाल, शहर जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी जोधपुर ने कांग्रेस के प्रदर्शन को राजनीतिक प्रोपेगेंडा करार देते हुए कहा कि कांग्रेस का चरित्र ही आपदा में अवसर तलाशने का रहा है।
पालीवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें गैस आपूर्ति को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि देश और प्रदेश के नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जोधपुर के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम की विस्तृत जानकारी दी है। इसके बावजूद कांग्रेस शहर में लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा किए गए हालिया प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए पालीवाल ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है और इसका आम जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पन्न परिस्थितियों के कारण यदि देश में कोई चुनौती सामने आती है तो सभी राजनीतिक दलों को मिलकर उसका समाधान निकालना चाहिए। लेकिन कांग्रेस इसके विपरीत गैस की किल्लत और महंगाई के मुद्दे पर भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
पालीवाल ने कहा कि देश की जनता अब इन बातों को समझने लगी है और ऐसे भ्रामक प्रचार से प्रभावित नहीं होने वाली। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वह सकारात्मक राजनीति करते हुए देश और प्रदेश के विकास में सहयोग करे।
इस संबंध में भाजपा जोधपुर के मीडिया प्रभारी डॉ. अजय त्रिवेदी ने भी कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह प्रदर्शन जनसमर्थन से विहीन था और केवल वोट बैंक की राजनीति का एक तुच्छ प्रयास भर था।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस का यह कदम जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में नहीं बल्कि केवल राजनीतिक दिखावे तक सीमित है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों को अनर्गल प्रलाप बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
Write a Response