जोधपुर पुलिस कमिश्नर का बड़ा एक्शन, बोरानाडा थाना अधिकारी लाइन हाजिर
जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में देर रात हुई एक बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने गुरुवार देर रात सिविल ड्रेस में शहर के बोरानाडा थाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध गतिविधियों को लेकर की गई जांच में थाना अधिकारी की कथित संलिप्तता सामने आने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस कमिश्नर शरत कविराज बिना किसी पूर्व सूचना के सिविल ड्रेस में क्षेत्र का जायजा लेने निकले थे। निरीक्षण के दौरान बोरानाडा थाना क्षेत्र में संचालित अवैध हुक्का बार “वेलोरा” पर पुलिस कमिश्नर की नजर पड़ी। जांच के दौरान सामने आया कि अवैध रूप से संचालित इस हुक्का बार के संचालन में स्थानीय थाना अधिकारी शकील अहमद की भूमिका संदिग्ध है।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस कमिश्नर ने मौके पर ही सख्त रुख अपनाया और तत्काल प्रभाव से थाना अधिकारी शकील अहमद को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए। देर रात हुई इस कार्रवाई की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई। कई अधिकारियों और थाना प्रभारियों में भी हलचल देखी गई।
सूत्रों के अनुसार पुलिस कमिश्नर पिछले कुछ समय से शहर में अवैध गतिविधियों, विशेषकर अवैध हुक्का बार, नशे के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। इसी के तहत वे स्वयं भी फील्ड में उतरकर वास्तविक स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कमिश्नरेट क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों पर अब और अधिक सख्ती की जाएगी तथा संबंधित थाना क्षेत्रों की जवाबदेही भी तय होगी। पुलिस कमिश्नर की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।
देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ गई है। वहीं शहर में अवैध रूप से संचालित गतिविधियों पर भी प्रशासन की नजर और कड़ी होने की संभावना जताई जा रही है। नागरिकों ने भी पुलिस कमिश्नर की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे कानून व्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम बताया है।
Write a Response