जोधपुर में बीट व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर, पुलिस आयुक्त ने ली उच्च स्तरीय बैठक
जोधपुर, 17 मार्च 2026। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस उपायुक्त (पूर्व/पश्चिम), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तगण एवं सहायक पुलिस आयुक्तगण उपस्थित रहे। बैठक में शहर के थानों की बीट व्यवस्था के प्रभावी सुदृढ़ीकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सामने आया कि बीट कांस्टेबल अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय रूप से बीट वैरीफिकेशन कर रहे हैं। बीट क्षेत्र में निवासरत हिस्ट्रीशीटर्स, हार्डकोर अपराधियों एवं चालानशुदा अपराधियों का सत्यापन कर उनका डेटा सीसीटीएनएस प्रणाली पर अपलोड किया जा रहा है। इसके तहत अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइल तैयार की जा रही है, जिसमें उनका स्पष्ट फोटो, पता और अन्य विस्तृत जानकारी शामिल है।
इसके अलावा राजकॉप ऐप के माध्यम से वांछित अपराधियों के फोटो का मिलान भी किया जा रहा है, जिससे उनकी पहचान और गिरफ्तारी में तेजी लाई जा सके। बीट कांस्टेबल क्षेत्र के आम नागरिकों से भी संपर्क बनाए रखते हुए उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं।
बीट क्षेत्र में घरेलू नौकरों, किरायेदारों आदि का डोर-टू-डोर सर्वे भी किया जा रहा है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही, बुजुर्गों एवं कमजोर वर्ग के लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारी भी समय-समय पर बीट क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और बीट कांस्टेबल द्वारा किए जा रहे कार्यों का पर्यवेक्षण कर रहे हैं। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि बीट वैरीफिकेशन का मुख्य उद्देश्य बीट प्रणाली को मजबूत बनाना और आमजन में सुरक्षा की भावना को बढ़ाना है।
Write a Response