बोराड़ा हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा

जोधपुर। जिले के बोराड़ा गांव में पूर्व सरपंच परिवार से जुड़े सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा और कार में आग लगने की दुर्घटना माना जा रहा था, वह अब एक खौफनाक पारिवारिक साजिश के रूप में सामने आई है। मामले का खुलासा जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला के निर्देशन में की गई जांच के बाद हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्यों ने मिलकर की थी। मामले में मृतक रामसिंह की पहली पत्नी सुनीता, उसकी बेटी तथा नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुराने पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश को वारदात का मुख्य कारण बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पहले रामसिंह, उसकी मां एवं पूर्व सरपंच पूसी देवी, दूसरी पत्नी सुरज्ञान और भांजी महिमा पर धारदार हथियारों से हमला किया। हमला इतना बेरहमी से किया गया कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को हादसा साबित करने की कोशिश की। इसके लिए चारों शवों को स्कॉर्पियो कार में डालकर फार्म हाउस से करीब 500 मीटर दूर ले जाया गया और कार को आग लगा दी गई, ताकि मामला सड़क हादसे और आगजनी का प्रतीत हो।

हालांकि घटनास्थल से मिले अहम सुराग, शवों की स्थिति और पुलिस की सख्त पूछताछ ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।

घटना के खुलासे के बाद पूरे बोराड़ा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि रिश्तों के भीतर ही इतनी भयावह वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response