जोधपुर। सोमवार को जालोरी गेट स्थित श्री सुमेर पुष्टिकर स्कूल में सर्व ब्राह्मण समाज के लिए निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन आचार्य पंडित नवरतन अग्निहोत्री के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन श्री पुष्टिकर एजुकेशन ट्रस्ट, संस्कृति समृद्धि संस्थान तथा स्वामी ईश्वरानंद गिरि वैदिक गुरुकुल आयोजन समिति के संयुक्त सहयोग से किया गया।
आचार्य पंडित नवरतन अग्निहोत्री ने बताया कि यह आयोजन सतगुरु श्री सोमदत्त जी महाराज के आशीर्वाद से गुरु परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार हिंदू धर्म के सोलह संस्कारों में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इस संस्कार के बाद बालक वेदपाठ, यज्ञ और अन्य वैदिक कार्यों के लिए योग्य माना जाता है। यह संस्कार ब्रह्मचर्य जीवन में प्रवेश का प्रतीक है, जो बालक को संस्कारित कर उसे परिवार और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में डॉ. अमित व्यास एवं सुनीता व्यास उपस्थित रहे। उनके सानिध्य में 50 से अधिक बटुकों ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ यज्ञोपवीत धारण कर ब्राह्मणत्व का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रों की गूंज से परिसर भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर स्कूल परिसर में स्थित मां सरस्वती मंदिर की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष पूजा-अर्चना भी की गई। आयोजन में श्री पुष्टिकर एजुकेशन ट्रस्ट के आनंद पुरोहित, शांति प्रसाद, ओमप्रकाश लोहार, गुरुदत्त पुरोहित सहित अन्य ट्रस्टीगण उपस्थित रहे। वहीं संस्कृति समृद्धि संस्थान के डॉ. अमित व्यास, त्रिलोक वैष्णव, अनमोल कल्ला और अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में डॉ. नीतेश व्यास, पंडित दिनेश बोहरा, अंकित छंगानी, धर्मेंद्र गज्जा, कैलाश व्यास (बाबू साहब) विजय कल्ला, सुरेश अबोटी, हेमंत गौड़ और मीडिया प्रभारी अभिषेक पुरोहित का विशेष सहयोग रहा।
Write a Response