देवर्षि नारद जयंती पर जोधपुर में उपाधि प्रदान कार्यक्रम 2 मई को
जोधपुर। पत्रकारिता जगत को सम्मानित करने के उद्देश्य से विश्व संवाद केंद्र, जोधपुर द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित उपाधि प्रदान कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को वर्ष भी देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर 2 मई को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय स्थित बृहस्पति सभागार में संपन्न होगा।
विश्व संवाद केंद्र, जोधपुर कार्यालय में आयोजित बैठक के बाद संगठन के सचिव हेमंत घोष ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय, रचनात्मक और विशिष्ट योगदान देने वाले चयनित पत्रकारों को ‘नारद विभूषण’, ‘नारद भूषण’ और ‘नारदश्री’ उपाधियों से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह जोधपुर प्रांत (पश्चिमी राजस्थान) स्तर पर आयोजित किया जाता है, जिसमें 13 जिलों के पत्रकार भाग ले सकते हैं।
सम्मान के लिए इच्छुक पत्रकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से होगी, जिसकी अंतिम तिथि 28 अप्रैल निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
चयनित पत्रकारों को क्रमशः एक ‘नारद विभूषण’ उपाधि के साथ 21 हजार रुपये एवं अभिनंदन पत्र, तीन ‘नारद भूषण’ उपाधियां प्रत्येक को 11 हजार रुपये व अभिनंदन पत्र तथा पांच ‘नारदश्री’ उपाधियां प्रत्येक को 5100 रुपये व अभिनंदन पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित बैठक में मांगू सिंह, लेखाराम विश्नोई, अमित पाराशर, निखिल व्यास, सुधांशु टांक, महेश सारस्वत, विशाल शर्मा, मनीष आचार्य, सुनील विश्नोई, मानन्य सिंह, राधव शर्मा, डॉ. जोगेंद्र और विक्रम सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के सम्मान समारोह से पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलता है और समाज में सकारात्मक व जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा मिलता है।
Write a Response