बाड़मेर में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सिंथेटिक नशे की लैब का भंडाफोड़, करोड़ों की एमडी ड्रग बनाने की तैयारी नाकाम
बाड़मेर। राजस्थान में सिंथेटिक नशे के खिलाफ अभियान के तहत एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने बाड़मेर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशे की एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। टीम ने धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के जाणियों का मगरा गांव में खेत में बनी टापरी में संचालित हो रही सिंथेटिक ड्रग्स की लैब को उत्पादन शुरू होने से पहले ही नष्ट कर दिया। मौके से भारी मात्रा में रसायन, उपकरण जब्त किए गए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मिली गोपनीय सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने बाड़मेर के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में छापा मारकर अवैध सिंथेटिक नशा बनाने की लैब का पर्दाफाश किया।
सूचना के अनुसार टीम जाणियों का मगरा गांव पहुंची और जांच के दौरान एक खेत में बने मकान के पास पतरों के बने छपरे के पीछे पीले और नीले रंग के केमिकल ड्रम दिखाई दिए। टीम जब मौके पर पहुंची तो मकान के पीछे एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियां करता नजर आया। पुलिस ने तुरंत चारों ओर से घेराबंदी कर दी। घेराबंदी देख आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान नीले-पीले ड्रमों और जरीकेनों में एमडी ड्रग बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल टोलविन और मोनो मिथाइलामीन सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी निम्बाराम (57), निवासी जाणियों का मगरा, पांचवी कक्षा तक पढ़ा है और खेती करता है। करीब 20-25 दिन पहले उसके रिश्तेदार ओमप्रकाश और उसके साथी शैतान ने मोटा पैसा कमाने का लालच देकर उसे नशे की फैक्ट्री लगाने के लिए तैयार किया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब 10-15 दिन पहले एमडी ड्रग बनाने के लिए आवश्यक केमिकल खरीदकर अपने खेत की टापरी में जमा कर दिए थे और देशी जुगाड़ से ड्रग बनाने की तैयारी कर रहा था। हालांकि एएनटीएफ ने समय रहते कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क को पनपने से पहले ही खत्म कर दिया।
पुलिस का अनुमान है कि जब्त रसायनों से करीब 15 किलोग्राम एमडी ड्रग तैयार की जा सकती थी, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4.50 करोड़ रुपये होती। इससे करीब 15 हजार खुराकें तैयार कर हजारों लोगों को नशे का आदी बनाया जा सकता था।
इस कार्रवाई में एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर, एएनटीएफ चौकी बाड़मेर और धोरीमन्ना थाना पुलिस की विशेष भूमिका रही। महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इस ऑपरेशन में शामिल टीम को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशे या अपराध से संबंधित कोई भी सूचना एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दी जा सकती है, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Write a Response