जोधपुर: साइबर टिपलाइन शिकायत पर कार्रवाई, अश्लील सामग्री मामले में युवक गिरफ्तार
जोधपुर पश्चिम पुलिस ने साइबर पोर्टल पर प्राप्त गंभीर शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला बाल अश्लील सामग्री (Child Sexual Exploitative and Abuse Material - CSEAM) से जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 28 मार्च 2026 को साइबर पोर्टल के NCMEC (नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन) के माध्यम से कई संदिग्ध शिकायतें प्राप्त हुईं। इन शिकायतों में विभिन्न टिपलाइन नंबरों के जरिए एक ही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से बाल अश्लील वीडियो साझा किए जाने की जानकारी सामने आई। सभी वीडियो CSV फाइल्स के रूप में थे, जिनमें अज्ञात नाबालिग बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री पाई गई।
शिकायतों के आधार पर पुलिस थाना स्तर पर प्रकरण संख्या 121/2026 धारा 67B आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त कमला शेखावत के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त आनंद सिंह राजपुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी तेजकरण के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने झालामंड क्षेत्र स्थित मीरा नगर से आरोपी राहुल शर्मा (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की और साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र है और उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त था।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं।
Write a Response