पोकरण सीडीपीओ कार्यालय में एसीबी की कार्रवाई

जैसलमेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जैसलमेर टीम ने बुधवार को पोकरण स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक प्रशासनिक अधिकारी भवानीसिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतचंद के नेतृत्व में की गई। जानकारी के अनुसार रामपुरा चौक निवासी नींबाराम ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसके एक प्रकरण से संबंधित नोटिस के निस्तारण के लिए कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी भवानीसिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।


जैसलमेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जैसलमेर टीम ने बुधवार को पोकरण स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक प्रशासनिक अधिकारी भवानीसिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतचंद के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार रामपुरा चौक निवासी नींबाराम ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसके एक प्रकरण से संबंधित नोटिस के निस्तारण के लिए कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी भवानीसिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। परिवादी ने आरोप लगाया कि अधिकारी बिना रिश्वत लिए कार्य करने को तैयार नहीं था और लगातार पैसे देने का दबाव बना रहा था।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्रारंभिक सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार परिवादी को रिश्वत की राशि के साथ भेजा गया। जैसे ही भवानीसिंह ने 5 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने रिश्वत की राशि बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। ट्रैप के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके कार्यालय और अन्य संभावित ठिकानों से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी द्वारा पूर्व में भी इसी प्रकार रिश्वत लेने की शिकायतें तो नहीं रही हैं।

इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सख्त कार्रवाई का संदेश गया है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी एसीबी की कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

 
 
 
 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response