जोधपुर में ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़: एजीटीएफ की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की एमडी जब्त
जयपुर/जोधपुर, 03 अप्रैल 2026: राजस्थान में नशामुक्त अभियान के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने जोधपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। बनाड थाना क्षेत्र में एक मकान की छत पर चल रही इस खतरनाक लैब से पुलिस ने 3.055 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स और 55.725 किलोग्राम घातक रसायन बरामद किए हैं। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में की गई। पुलिस ने मौके से गणपतराम बेनीवाल (40) निवासी मण्डली, बालोतरा हाल शंकर नगर, बनाड को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 12 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए सांचौर के तस्करों आसुराम उर्फ लक्की और भाणु के साथ मिलकर अपने घर को ही ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री में बदल दिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की योजना बरामद रसायनों से करीब 60 किलो और एमडी ड्रग्स तैयार करने की थी। एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि लगातार मिल रही गुप्त सूचनाओं के आधार पर एजीटीएफ की टीम ने विशेष रणनीति बनाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
ऑपरेशन के दौरान एजीटीएफ, एटीएस, डीएसटी और बनाड थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रात में सुनसान इलाके में स्थित मकान की घेराबंदी की। जब टीम छत पर पहुंची तो वहां बिजली के बल्ब की रोशनी में गद्दों पर एमडी सुखाई जा रही थी और आसपास केमिकल के ड्रम व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बिखरे पड़े थे।
मौके से डाइक्लोरोमीथेन, डी-आयोनाइज्ड वाटर सहित कई खतरनाक रसायन, इलेक्ट्रॉनिक चूल्हा, बाल्टियां, स्टील के बर्तन और ड्रग्स तैयार करने के उपकरण जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में एएसआई राकेश जाखड़ और कांस्टेबल सुमेर सिंह की विशेष भूमिका रही, जबकि तकनीकी सहयोग एएसआई रमेश कुमार यादव ने दिया। बनाड थानाधिकारी लेखराज और डीएसटी प्रभारी खेत सिंह की टीम ने भी अहम योगदान दिया।
मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमृत लाल जिनगर को सौंपी गई है। पुलिस मुख्य सरगना आसुराम उर्फ लक्की और भाणु की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
Write a Response