क्राउन फॉर किड्स अभियान के तहत 275 बच्चों को निशुल्क हेलमेट वितरित
जोधपुर। सड़क सुरक्षा समिति जोधपुर के तत्वावधान में परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग तथा यातायात पुलिस जोधपुर के सहयोग से बुधवार को Adarsh Vidya Mandir Kamla Nehru Nagar School में “क्राउन फॉर किड्स” अभियान के तहत छोटे बच्चों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के 275 बच्चों को हेलमेट प्रदान कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
यह हेलमेट भामाशाह राम किशोर जांगिड़ द्वारा उपलब्ध करवाए गए। सड़क सुरक्षा समिति के फाउंडर एवं परिवहन निरीक्षक भारत जांगिड़ ने बताया कि सामाजिक जनजागरूकता अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्कूलों में एक हजार छोटे हेलमेट निशुल्क वितरित करने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने बताया कि अलग-अलग स्कूलों, एयर फोर्स स्टेशन और आर्मी एरिया में अब तक 850 से अधिक हेलमेट वितरित किए जा चुके थे, जबकि बुधवार को 275 हेलमेट वितरण के साथ समिति ने 1100 से अधिक बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य पूरा कर लिया।
भारत जांगिड़ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बचपन से ही बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है। अक्सर देखा जाता है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अभिभावक तो हेलमेट पहनते हैं, लेकिन उनके साथ बैठे छोटे बच्चे बिना हेलमेट सफर करते हैं। दुर्घटना होने की स्थिति में बच्चों को गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। ऐसे में बच्चों को हेलमेट पहनने की आदत डालना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि “रोड सेफ्टी मेक इट हैबिट” टैगलाइन के साथ चलाए जा रहे इस अभियान का मकसद केवल बच्चों को सुरक्षित करना ही नहीं, बल्कि अभिभावकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। छोटे बच्चों को हेलमेट पहने देखकर परिवार के अन्य सदस्य भी प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर अर्जुन सिंह राठौड़, यातायात पुलिस से एडीसीपी शालिनी राज, जिला परिवहन अधिकारी छगनलाल मालवीय, आदर्श विद्या मंदिर प्रबंध समिति के सचिव मिश्रीलाल प्रजापति, प्राचार्य भोमराज जोशी सहित सड़क सुरक्षा समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
Write a Response