पाली जिले के देसूरी क्षेत्र में नशा तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि पुलिस भी कुछ समय के लिए हैरान रह गई। तस्करों ने एक काले रंग की स्कॉर्पियो को ‘शादी की गाड़ी’ की तरह सजाकर उसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त भर रखा था। वाहन पर बाकायदा दूल्हा-दुल्हन के नाम का पोस्टर लगाया गया था, ताकि पुलिस उसे बारात की गाड़ी समझकर बिना जांच के आगे जाने दे। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते तस्करों की यह चाल नाकाम हो गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए देसूरी इलाके में संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस की बैरिकेडिंग देखकर तस्करों ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगे। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो का एक टायर पंचर होने के बावजूद आरोपी करीब पांच किलोमीटर तक वाहन दौड़ाते रहे।
पुलिस टीम लगातार पीछा करती रही, जिसके दबाव में तस्कर सुनसान इलाके में वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 486 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने से पुलिस अधिकारियों में भी हलचल मच गई। बरामद डोडा पोस्त की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। वाहन के नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि तस्कर लंबे समय से इस तरह नए-नए तरीके अपनाकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही फरार तस्करों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Write a Response