यातायात पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान, नियमों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई
जोधपुर, 03 अप्रैल 2026: शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस जोधपुर द्वारा शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं यातायात) शहीन सी के सुपरविजन में संचालित हुआ।
अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात शालिनी राज ने किया। उनके नेतृत्व में निरीक्षक यातायात सुभाष विश्नोई, तुलसी तथा पुलिस जाब्ते ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस दौरान जालोरी गेट से महात्मा गांधी अस्पताल (एम.जी.एच.) तक तथा आखलिया चौराहा से चौपासनी रोड तक विशेष रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के तहत सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया और नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के खिलाफ चालान कार्रवाई की गई। इसके साथ ही बेतरतीब ढंग से खड़े हाथ ठेलों को भी हटवाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के लिए जागरूक किया गया। वहीं दुकानदारों को दुकानों के बाहर सामान नहीं रखने तथा हाथ ठेला संचालकों को सड़क के किनारे ठेले नहीं खड़े करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही लोगों को समझाइश देते हुए यातायात नियमों की पालना करने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आगामी दिनों में जोधपुर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार सघन कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने आमजन, दुकानदारों, हाथ ठेला संचालकों एवं वाहन चालकों से विनम्र अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Write a Response