जेडीए में यातायात नियंत्रण बोर्ड की बैठक सम्पन्न
जोधपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में शुक्रवार को शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर यातायात नियंत्रण बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी ने की। बैठक में शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में सचिव चंचल वर्मा, डीसीपी मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी, उपसचिव जेडीए कंचन राठौड़, एडीएम सिटी अंजुम ताहिर, आरटीओ पीआर जाट, एडीसीपी यातायात शालिनी राज, निदेशक वित्त मंजीत चारण, निदेशक अभियांत्रिकी महेन्द्र सिंह पंवार तथा निदेशक विधि अरविन्द सिंह सहित जेडीए, नगर निगम, पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक (06 दिसंबर 2024) में लिए गए निर्णयों की पुष्टि से हुई। इसके बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यातायात पुलिस द्वारा शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण के लिए अधिसूचना जारी करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों से वाहनों को उठाने के लिए क्रेन की व्यवस्था, प्रमुख चौराहों पर एआई आधारित आईटीएमएस कैमरे लगाने, सड़कों पर लाइनिंग करवाने और नो-पार्किंग संकेतक बोर्ड लगाने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए।
इसके साथ ही सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू करने से पहले अनुमति लेने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन के लिए क्विक एक्शन टीम का गठन, जब्त वाहनों के लिए डंपिंग यार्ड की व्यवस्था तथा शहर की मुख्य सड़कों पर होने वाले कार्यों के समन्वय और पुलिस नियंत्रण कक्ष के निर्माण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। आयुक्त उत्साह चौधरी ने सभी विभागों को शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जेडीए की अभियांत्रिकी शाखा ने पाली रोड पर एक पायलट प्रोजेक्ट का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया। इसके तहत रिक्तियां भैरूजी सर्कल से शताब्दी सर्कल तक यातायात की प्रभावी निगरानी और सुरक्षा बढ़ाने के लिए ट्रैफिक एनफोर्समेंट एंड सर्विलांस सिस्टम लागू करने की योजना पर चर्चा की गई।
इस परियोजना के अंतर्गत भैरूजी सर्कल से गौरव पथ और पाल रोड से शताब्दी सर्कल तक सात प्रमुख जंक्शनों पर कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ अतिरिक्त कैमरों के माध्यम से एआई आधारित ऑटोमेटेड रोड सर्विलांस सिस्टम विकसित किया जाएगा। यह प्रणाली बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज गति और यातायात नियमों के उल्लंघन की रियल टाइम पहचान करेगी तथा एएनपीआर तकनीक के माध्यम से वाहन की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Write a Response