जीवन में सफलता के लिए मेहनत के साथ ऊंची सोच भी जरूरी
- Posted on 11 मई 2026
- सामान्य समाचार
- By Rajendra Harsh
- 53 Views
जोधपुर। नंदकिशोर राठी मेडिकल एंड एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रातानाडा स्थित माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में 12वीं टॉपर चौथा छात्रवृत्ति वितरण समारोह संपन्न हुआ। कुल 143 स्टूडेंट्स को 11, 111 रुपए की छात्रवृत्ति, प्रशस्ति पत्र और गोल्ड कॉइन दिया गया। साथ 90 प्रधानाचार्यों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया
जीवन में सफलता के लिए मेहनत के साथ ऊंची सोच भी जरूरी : आनंद राठी
नंदकिशोर राठी मेडिकल एंड एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट का चौथा छात्रवृत्ति वितरण एवं प्रधानाचार्य सम्मान समारोह संपन्न
जोधपुर। नंदकिशोर राठी मेडिकल एंड एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रातानाडा स्थित माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में 12वीं टॉपर चौथा छात्रवृत्ति वितरण समारोह संपन्न हुआ। कुल 143 स्टूडेंट्स को 11, 111 रुपए की छात्रवृत्ति, प्रशस्ति पत्र और गोल्ड कॉइन दिया गया। साथ 90 प्रधानाचार्यों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के पूर्व अध्यक्ष सीए गोल्ड मेडलिस्ट आनंद राठी ने बच्चों को आशीर्वचन दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए दो बातें याद रखें। परस्पेक्टिव यानी आपकी सोच ही आपको आगे बढ़ाती है। सोच के बाद परसिवियरेंस यानी आपकी मेहनत और आपका पसीना आपको सफल बनाता है। मेहनत का योगदान सफलता में 90 प्रतिशत है तो सोच का भी योगदान कम नहीं है। आप जब तक कोई गोल निर्धारित नहीं करेंगे, कोई सोच नहीं रखेंगे जीवन में आगे नहीं बढ़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए बहुत उपाय है।
आज देश प्रगति रहा है। आप लोग बड़े भाग्यशाली हैं। क्योंकि आप सहीं समय और सही जगह जन्में हैं। शायद हम लोगों के समय इतने अवसर नहीं थे। आप जिस फील्ड में जाना चाहें जा सकते हैं। आपको चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना है, आपको लॉयर बनना है, आपको डॉक्टर बनना है जरूर कोशिश कीजिए। किसी न किसी प्रोफेशनल कोर्स के लिए आप मेहनत करें। आगे बढ़ने के लिए कोई रुकावट नहीं हैं। श्री आनंद राठी ने कहा कि आपकी सफलता में आपके माता-पिता का योगदान कम नहीं है। ईश्वर को हमने नहीं देखा पर माता-पिता ही धरती पर ईश्वर का दूसरा रूप है। वे आपको देख रहे हैं, उनके आशीर्वाद से ही आप आगे बढ़ रहे हैं। राठी ने कहा कि बिना अच्छे गुरु के भी आगे नहीं बढ़ सकते, इसलिए गुरु का हमेशा आदर कीजिए।
शिक्षा के बिना किसी भी राष्ट्र का विकास संभव नहीं : गोविद सहाय शुक्ला
कार्यक्रम के विशेष अतिथि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति गोविंद सहाय शुक्ला ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास में शिक्षा महत्वपूर्ण है। शिक्षा के बल ही भारत विश्व गुरु था। एमबीएम विवि के कुलपति अजय कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों सपने हमेशा बड़े देखें। सपने छोटे नहीं देखें। सोच बड़ी होगी तो हमेशा आगे बढ़ेंगे। सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी ओम सिंह राजपुरोहित ने कहा कि धन की तीन दशा होती है-दान, भोग और नाश। दान धन की सर्वश्रेष्ठ दशा होती है।
उन्होंने बच्चों से कहा कि जीवन में कितना भी आगे बढ़ें मातृभूमि, समाज और परिवार का ऋण नहीं भूलें। आप चाहें आईआईएम करें, चाहे आईआईटी करें चाहें मेडिकल की पढ़ाई करे, अपने ही देश में रहकर अपने देश, समाज और परिवार की उन्नति के लिए कार्य करें। आरंभ में सुरेश राठी ग्रुप के डायरेक्टर सौरभ राठी ने अतिथियों का स्वागत किया और ट्रस्ट की गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों के अलावा समाजसेवी सुरेश राठी, शशि राठी, मदनलाल मूंदड़ा, फूलकौर मूंदड़ा, वर्षा राठी, सुरभि राठी मोहता ने छात्रवृत्ति वितरित की और प्रधानाचार्यों का सम्मान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन तेज बहादुर माथुर और दीपा अरोड़ा ने किया। कार्यक्रम के अंत में लक्की ड्रॉ के तहत हिमांशु और रवीना को कंप्यूटर उपहार में दिया गया। साथ ही पांच टॉपर्स को भी कंप्यूटर भेंट किया गया। कार्यक्रम में शहर के शिक्षाविद, बिजनेसमैन, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और स्टूडेंट्स के साथ उनके टीचर्स और प्रिंसिपल और अभिभावक भी मौजूद थे।
Write a Response