जोधपुर पश्चिम में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत अवैध मादक पदार्थों पर कड़ा प्रहार
जोधपुर। शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कमल शेखावत के नेतृत्व में जिला स्तर पर “ऑपरेशन चक्रव्यूह” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।
अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए एक विशेष मोबाइल नंबर 9530440443 जारी किया है। यह नंबर सीधे पुलिस उपायुक्त के पास रहेगा, जिस पर कोई भी व्यक्ति अफीम, डोडा, एमडी, स्मैक, गांजा, हेरोइन और नशीली दवाइयों से जुड़ी तस्करी की सूचना दे सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत अब तक कई महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई हैं। जिला विशेष टीम ने पुलिस थाना चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के 5 हजार रुपए के इनामी अपराधी बुधाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया। वहीं, पुलिस थाना राजीव गांधी नगर क्षेत्र के 5 हजार रुपए के इनामी अपराधी महादेव गुरु उर्फ दिनेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, पुलिस थाना बोरानाड़ा क्षेत्र में संचालित एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र के संचालक के खिलाफ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में एमडी के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जबकि बोरानाड़ा थाना पुलिस ने अफीम के दूध के साथ आरोपी रामसिंह को पकड़ा।
पुलिस उपायुक्त कमल शेखावत ने कहा कि “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों पर कड़ा प्रहार किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न थानों के मालखानों में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
Write a Response