लालसोट मेघा हाईवे पर सवारियों से भरी स्लीपर बस पलटी, 15 घायल, 4 की हालत गंभीर
बूंदी। जिले के कापरेन थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा कापरेन और हीरापुर के बीच लालसोट-मेघा हाईवे पर हुआ। बस कोटा से दिल्ली की ओर जा रही थी और उसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी भगवान सहाय मीणा ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब बस चालक ने अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश की। इस दौरान चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और तेज गति में चल रही बस सड़क पर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। दो यात्री बस के अंदर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों को तुरंत कापरेन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है, लेकिन सभी को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शीघ्र ही सुचारू कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Write a Response