जोधपुर। श्री सीमा मांटेसरी सीनियर सेकेंडरी विद्यालय का 44वां गौरवशाली वार्षिकोत्सव 11 अप्रैल 2026 को महिला पीजी महाविद्यालय स्थित एस.एन. जोधावत मेमोरियल ऑडिटोरियम में सायं 4:30 बजे आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सरला ओझा ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां करीब 20 दिनों तक चलीं, जिसमें नन्हें बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शीलु व्यास, पायल बोड़ा, आयुषी लोहरा, श्री सी.पी. रागवानी एवं स्वर्णलता रागवानी का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम की प्रस्तुतियों में “ऑपरेशन सिंदूर” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस भावनात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। इस प्रस्तुति में लक्षिता बोहरा, ख्वाहिश बोहरा और दिव्यांशी बोहरा ने प्रभावशाली अभिनय किया।
समारोह में अतिथियों का स्वागत ओम प्रकाश लोहरा, आर.पी. लोढ़ा, गायत्री लोहरा एवं प्रधानाध्यापिका सरला ओझा द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास ने 10वीं बोर्ड के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंच पर बच्चों का स्वाभाविक प्रदर्शन शिक्षकों की मेहनत को दर्शाता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रसिद्ध ऑर्थो सर्जन डॉ. राजेश्वर कल्ला ने विद्यालय की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां से पढ़े विद्यार्थी देशभर में विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं बिठुजा धाम के बापजी श्री छगनीराम ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 10 के विद्यार्थी भव्या शर्मा, अनमोल जोशी एवं श्री शशिकांत अवस्थी ने किया। समारोह में अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
Write a Response