राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने जोधपुर में किराये के एक फ्लैट में संचालित अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से करीब 20 हुक्के, 29 प्रकार के फ्लेवरयुक्त तंबाकू और हुक्का बार में उपयोग होने वाला अन्य सामान जब्त किया है। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में तथा सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम रविन्द बोथरा के सुपरविजन में की गई। राजीव गांधी नगर थाना प्रभारी रविन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरिहंत ऑगन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर एल-20/203 में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। साथ ही यहां से जोधपुर शहर में किराये पर फ्लेवरयुक्त हुक्के भी सप्लाई किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।
सब-इंस्पेक्टर पुंजराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फ्लैट पर दबिश दी। जांच के दौरान वहां हुक्का बार संचालित होता पाया गया। मौके पर मौजूद मोहम्मद जैद (20 वर्ष), निवासी सुदर्शन पार्क, रमेश नगर, पश्चिम दिल्ली को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फ्लैट में आने वाले ग्राहकों को हुक्का पिलाता था और ऑर्डर मिलने पर शहर में होम डिलीवरी भी करता था।
पुलिस ने फ्लैट से 9 बड़े हुक्के, 11 छोटे हुक्के, 29 प्रकार के फ्लेवरयुक्त तंबाकू और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
Write a Response