गणगौर सवारी मार्ग की बदहाल सड़क पर उठे सवाल, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
जोधपुर शहर के भीतरी क्षेत्र में आगामी गणगौर माता की सवारी को लेकर व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। भजन चौकी से कबूतर का चौक क्षेत्र तक जाने वाला मुख्य मार्ग, जहां से हर वर्ष गणगौर माता की सवारी निकलती है, इस बार भी बदहाल स्थिति में नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आवागमन तो प्रभावित हो ही रहा है, साथ ही धार्मिक आयोजन की व्यवस्थाओं पर भी संकट मंडरा रहा है।
गौरतलब है कि दो दिन बाद ही इस मार्ग से माता गणगौर की भव्य सवारी निकलनी है, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत को लेकर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हर वर्ष प्रशासन द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं कि सवारी मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहेंगी, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से इस सड़क की हालत खराब है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो गणगौर सवारी के दौरान श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
गणगौर जोधपुर का एक प्रमुख और पारंपरिक उत्सव है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सवारी मार्ग का सुरक्षित और सुचारू होना बेहद जरूरी है। इस आयोजन का शहर की सांस्कृतिक पहचान से भी गहरा जुड़ाव है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को कितनी प्राथमिकता देता है और समय रहते सड़क की मरम्मत कर पाता है या नहीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से सड़क सुधार कार्य शुरू कर सवारी मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
Write a Response