प्रतापनगर में दिनदहाड़े तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पांच बाल अपचारी निरुद्ध
जोधपुर। प्रतापनगर सदर थाना पुलिस ने मारपीट और वाहनों में दिनदहाड़े तोड़फोड़ कर मोहल्ले में दहशत फैलाने की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल पांच बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा तथा सहायक पुलिस आयुक्त प्रतापनगर रविन्द्र बोथरा के मार्गदर्शन में प्रतापनगर सदर थानाधिकारी गोविन्द व्यास और उप निरीक्षक देवाराम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को प्रतापनगर सदर थाने में धुरेन्द्र गर्ग (38) निवासी प्रतापनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि 3 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे गली में बच्चे होली खेल रहे थे। उसी दौरान कुछ युवक मोटरसाइकिल पर आए और बच्चों से झगड़ा कर वहां से चले गए। इनमें से एक युवक लाल रंग की मोटरसाइकिल (आरजे 19 एसएस 4555) पर सवार था।
शिकायतकर्ता के अनुसार इसके कुछ देर बाद करीब 2:30 बजे वही युवक अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा गली में आए। उनके पास लोहे की रॉड, लकड़ियां और सरिये थे। आरोपियों ने आते ही गली में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी और घरों के दरवाजों व दीवारों पर लोहे की रॉड मारकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। साथ ही मोहल्ले के लोगों को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना में करीब 10 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने देवराज (19) पुत्र विक्रम चांवरिया निवासी इंद्रा कॉलोनी प्रतापनगर और सुदेश (18) पुत्र सूरज निवासी इंद्रा कॉलोनी प्रतापनगर को गिरफ्तार किया। वहीं घटना में शामिल पांच बाल अपचारियों को भी दस्तयाब कर संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
Write a Response