जोधपुर में “चुनाव कराओ – लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। शहर के नई सड़क चौराहे स्थित राजीव गांधी स्मारक पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस एवं राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहरी निकाय एवं पंचायती राज चुनाव समय पर नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकार जानबूझकर चुनावों में देरी कर रही है, जिससे आमजन के अधिकारों का हनन हो रहा है। इस दौरान “लोकतंत्र बचाओ” और “समय पर चुनाव कराओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मंत्री झाबरसिंह खरा का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरम रहा, लेकिन आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष शैलजा परिहार, जोधपुर शहर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. हस्तिमल आर्य, देहात प्रभारी अजित कच्छवाहा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और आमजन ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समय पर चुनाव कराना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव की घोषणा नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी लक्ष्मण परिहार ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण युवाओं और आमजन में भारी आक्रोश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
Write a Response