एरिया डोमिनेशन अभियान में बड़ी कार्रवाई, एमडी ड्रग्स बनाने के केमिकल बरामद
पांच आरोपी गिरफ्तार, 110 लीटर केमिकल और अन्य सामग्री जब्त
जोधपुर। पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम द्वारा चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त केमिकल और अन्य सामग्री बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 110 लीटर विभिन्न केमिकल, 28 ग्राम अफीम दूध तथा संदिग्ध सामग्री जब्त की है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमला शेखावत के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तथा सहायक पुलिस आयुक्त बोरानाडा आनंदसिंह राजपुरोहित के सुपरविजन में थाना प्रभारी सहदेव के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान हरिगढ़ रिसोर्ट रोड स्थित रामदेव विहार, झालामंड के कम आबादी क्षेत्र में एक मकान के बाहर खड़े संदिग्ध वाहनों की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक मकान और वहां खड़ी फॉर्च्यूनर तथा बिना नंबर की केआईए कार की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान फॉर्च्यूनर गाड़ी नंबर यूपी 14 डीएच 6888 की डिक्की से विभिन्न केमिकल से भरे चार ड्रम बरामद किए गए। इनमें ACETONE, TOLUENE SULPHUR FREE और BROMO-2 नामक केमिकल शामिल थे। इसके अलावा कार्टन में रखे दो प्लास्टिक जरीकनों से HYDROCHLORIC ACID भरा हुआ मिला। कुल मिलाकर करीब 110 लीटर केमिकल बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से 28 ग्राम अफीम दूध और अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त की।
मौके पर मौजूद ओमप्रकाश, अनिल, कुलदीप, रामनिवास और संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी जालोर और बाड़मेर जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद केमिकल एमडी ड्रग्स बनाने में उपयोग किए जाते हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
Write a Response