समदड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.17 क्विंटल अवैध डोडा पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बालोतरा। जिला पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार के निर्देशन में समदड़ी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त से भरी एक स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन से करीब 4.17 क्विंटल अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भगवानाराम निवासी भादरेश और गजेंद्र निवासी बायतू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
यह पूरी कार्रवाई समदड़ी थानाधिकारी नरपतदान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया था, जिसे जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह अवैध मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में एएसआई दौलाराम की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और सक्रियता के चलते यह बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Write a Response