जोधपुर में युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में एमडीएम अस्पताल में भर्ती
जोधपुर शहर में रविवार सुबह एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल (एमडीएम) में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवक की पहचान शाहरुख के रूप में हुई है, जिसका आईसीयू में उपचार जारी है।
घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार वारदात 12वीं रोड चौराहे से आगे 5वीं रोड की ओर मंदिर के पास हुई। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने मिलकर शाहरुख पर तलवारों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों में वसीम आटिया, शौकत भाषा केरू, बरकत घंटालिया, टाइगर उर्फ जावेद, प्रिंस, फरजान, ईसाक कुरैशी सहित चार-पांच अन्य लोग शामिल थे। सभी आरोपी हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए।
हमले में शाहरुख के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जबकि पेट, सीने, हाथ और पैरों पर भी गंभीर वार किए गए। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान उसके दोनों हाथ और पैर भी बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को हमले का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल घायल युवक का एमडीएम अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Write a Response