राजकीय रेलवे पुलिस के जोधपुर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने के नवीनीकृत भवन का सोमवार को उद्घाटन किया गया। स्टेशन पुनर्विकास कार्य के चलते जीआरपी थाना को आरएमएस भवन में स्थानांतरित किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने फीता काटकर नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह भवन जीआरपी अधिकारियों और जवानों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के पास बेहतर आधारभूत सुविधाएं होना आवश्यक है ताकि यात्रियों को त्वरित सहायता मिल सके।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने जीआरपी जवानों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए भवन में वातानुकूलित डोरमेट्री सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में तैनात जवानों को बेहतर सुविधाएं मिलने से वे अधिक दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।
जीआरपी थानाधिकारी मुक्ता पारीक ने बताया कि नवीनीकृत भवन में कार्यालय कक्षों का आधुनिकीकरण किया गया है। शिकायत दर्ज करने, रिकॉर्ड संधारण और बैठक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाया गया है। इसके अलावा आधुनिक फर्नीचर, प्रतीक्षालय, पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक संचार संसाधन और तकनीकी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में जीआरपी पुलिस अधीक्षक केवलराम ने डीआरएम का स्वागत किया। भवन के अवलोकन के बाद अनुराग त्रिपाठी ने आयोजित हवन में भी भाग लिया। इस अवसर पर रवि मीणा, मनोहर सिंह, अभिमन्यु आर्य, पवन कुमार सुवासिया, राहुल यादव और चंद्रप्रकाश मिर्धा सहित रेलवे एवं जीआरपी के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
Write a Response