बस यात्रा के दौरान महिला के ट्रॉली बैग से 28 लाख के गहने चोरी
जोधपुर। जिले के झंवर थाना क्षेत्र में निजी बस में सफर कर रही एक महिला यात्री के ट्रॉली बैग से करीब 28 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध युवक झंवर फांटे पर बस से उतरते दिखाई दिए हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार दईपड़ा खिंचियान निवासी छेलूकंवर पत्नी पप्पूसिंह 3 मई को अपने पीहर गांव जोईन्तरा से जोधपुर के लिए रवाना हुई थीं। उनके साथ भतीजा युवराज सिंह भी मौजूद था। दोनों दलेखां बस स्टेशन से बस नंबर RJ19PC3005 में सवार हुए। यात्रा के दौरान महिला का बड़ा ट्रॉली बैग ड्राइवर सीट के पीछे रखा गया था। बैग में करीब 16 तोला सोने के आभूषण रखे हुए थे, जिनमें 8 तोले की आड़, 6 तोले के दो बाजूबंद और 2 तोले का शीशफूल शामिल था।
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि बस में दो-तीन संदिग्ध युवक भी सवार थे। बैग के पास एक खाली ढोल रखा हुआ था। सफर के दौरान एक युवक ने ट्रॉली बैग को उठाकर ढोल में डालने का प्रयास किया, लेकिन महिला के मना करने पर उसने बैग वापस वहीं रख दिया। कुछ समय बाद वे युवक झंवर फांटे पर उतर गए।
महिला जब जोधपुर स्थित घर पहुंची और ट्रॉली बैग खोला तो उसमें रखे सभी सोने के आभूषण गायब मिले। हैरानी की बात यह रही कि बैग का लॉक और चेन पूरी तरह सही हालत में थे, जिससे चोरी को बेहद शातिर तरीके से अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने बस स्टाफ से पूछताछ की तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करवाई। फुटेज में कुछ संदिग्ध युवक चेहरे ढंके हुए नजर आए, जो कैमरों से बचने की कोशिश करते दिखाई दिए।
झंवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पुंजराज सिंह कर रहे हैं।
Write a Response