इंदिरा गांधी नहर का पानी निर्धारित समय से पूर्व जोधपुर पहुंचा

  • Posted on 22 मई 2026
  • खास
  • By Rajendra Harsh
  • 43 Views

जोधपुर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। इंदिरा गांधी नहर का पानी निर्धारित समय से लगभग तीन घंटे पहले शहर पहुंच गया, जिससे पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों ने इसे विभागीय समन्वय, सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी प्रबंधन का परिणाम बताया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता नक्षत्र चारण ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर का पानी गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे जोधपुर पहुंच गया।

WhatsApp Image 2026-05-22 at 6.18.17 PM-buhYl4LJM4.jpeg

जोधपुर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। इंदिरा गांधी नहर का पानी निर्धारित समय से लगभग तीन घंटे पहले शहर पहुंच गया, जिससे पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों ने इसे विभागीय समन्वय, सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी प्रबंधन का परिणाम बताया है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता नक्षत्र चारण ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर का पानी गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे जोधपुर पहुंच गया। पानी ने करीब 204 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अनुमानित समय से पहले यात्रा पूरी की। विभाग द्वारा प्रवाह को बनाए रखने के लिए सभी आठ पम्प हाउसों पर पर्याप्त पोंडिंग सुनिश्चित की गई थी।

उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी नहर से लगातार पर्याप्त मात्रा में पानी की आवक बनी हुई है। वर्तमान में मदासर क्षेत्र में लगभग 310 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है तथा पूर्ण क्षमता के अनुसार जलापूर्ति जारी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस बार विशेष निगरानी और तकनीकी प्रबंधन के चलते पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से जोधपुर तक पहुंचाई गई।

नक्षत्र चारण ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले जोधपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा। इसके बाद मार्ग में स्थित विभिन्न जल योजनाओं और डिग्गियों में चरणबद्ध तरीके से पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी। जिन क्षेत्रों में जल भंडारण समाप्त हो चुका है, वहां जल्द पानी पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

पानी के जोधपुर पहुंचने पर विभागीय अधिकारियों ने जल की पूजा-अर्चना कर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता दिनेश नागौरी एवं अधिशाषी अभियंता गोपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संवेदक फर्म की टीम और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

जोधपुर में लगातार बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट के बीच इंदिरा गांधी नहर का पानी समय से पहले पहुंचना शहरवासियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। विभाग ने जलापूर्ति व्यवस्था को नियमित बनाए रखने के लिए सतत निगरानी जारी रखने की बात कही है।

 
 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response