एएनटीएफ की कार्रवाईयों की धमक राज्य सीमा से बाहर तक, 60 लाख के नशीले पदार्थ जब्त, 9 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की सख्त कार्रवाईयों की गूंज अब राज्य की सीमाओं से बाहर तक सुनाई देने लगी है। राजस्थान सीबीएन के साथ मजबूत तालमेल स्थापित करते हुए एएनटीएफ ने उत्तर प्रदेश में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, जहां झारखंड से लाई जा रही नशे की खेप पर सफलतापूर्वक प्रहार किया गया। इस दौरान करीब 50 लाख रुपये मूल्य का जहरीला नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
एएनटीएफ की यह कार्रवाई केवल एक राज्य तक सीमित नहीं रही, बल्कि जालोर, भीलवाड़ा और जयपुर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों में भी एक ही दिन में चार बड़ी कार्यवाहियां की गईं। इन सभी अभियानों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा अवैध मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पहली कार्रवाई उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र में की गई, जहां 50 लाख रुपये का डोडा-चूरा, 65 हजार रुपये नकद, एक ट्रक और एक कार जब्त कर 6 आरोपियों को पकड़ा गया।
दूसरी कार्रवाई जालोर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र में हुई, जहां 27 किलोग्राम डोडा-चूरा और एक कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। तीसरी कार्रवाई भीलवाड़ा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र में की गई, जहां 850 ग्राम अफीम बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा गया। वहीं चौथी कार्रवाई जयपुर जिले के मालपुरा थाना क्षेत्र में हुई, जहां 12.01 ग्राम गांजा और 5400 रुपये नकद के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
Write a Response