जोधपुर, 25 अप्रैल।
शहर के मसूरिया क्षेत्र स्थित राजकीय जगदंबा आयुर्वेद चिकित्सालय के सरकारी आवासीय क्वार्टरों पर कथित अवैध कब्जों को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। चिकित्सालय प्रशासन ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए निर्धारित क्वार्टरों पर बाहरी लोगों ने कब्जा जमा रखा है।
प्रशासन के अनुसार UIT कॉलोनी में स्थित 6A और 7A श्रेणी के ये क्वार्टर विभागीय कर्मचारियों को आवंटित किए जाने थे, लेकिन लंबे समय से इनमें गैर-अधिकृत लोग निवास कर रहे हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि कुछ लोगों ने प्रारंभ में अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर यहां रहना शुरू किया और अब वे स्वयं को ‘जगदंबा आयुर्वेद महिला समिति’ का सदस्य बताकर कब्जा बनाए हुए हैं। जबकि चिकित्सालय का दावा है कि यह समिति वर्ष 1970 से पूर्व की बताई जाती है और वर्तमान में इसका कोई वैध अस्तित्व नहीं है।
चिकित्सालय प्रशासन ने यह भी बताया कि इस मामले को पूर्व में जिला प्रशासन के समक्ष उठाया जा चुका है। 5 फरवरी 2026 को कलेक्टर के निर्देश पर JDA और नगर निगम को विस्तृत जांच के आदेश दिए गए थे, लेकिन अब तक न तो जांच पूरी हो पाई है और न ही अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
स्थिति को लेकर अस्पताल प्रशासन में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि ये सभी क्वार्टर सरकारी संपत्ति हैं, जिन पर बाहरी लोगों का कब्जा पूरी तरह से अवैध है। आरोप है कि कब्जाधारी आए दिन अस्पताल परिसर में आकर कर्मचारियों को धमकाते भी हैं, जिससे कार्यरत स्टाफ में भय का माहौल बना हुआ है।
चिकित्सालय प्रशासन ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कराते हुए अवैध कब्जाधारियों को तुरंत बेदखल किया जाए और क्वार्टरों को आयुर्वेद विभाग को सौंपा जाए, ताकि पात्र कर्मचारियों को आवास सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
Write a Response