यातायात पुलिसकर्मियों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
जोधपुर यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यातायात नियंत्रण कक्ष में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं पुलिस आयुक्त जोधपुर शरत कविराज के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।
शिविर का आयोजन पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात शालिनी राज के नेतृत्व में सालासर सेवा संस्थान एवं अतुल्य फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में यातायात पुलिस में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
स्वास्थ्य शिविर में पुलिसकर्मियों के बीपी, शुगर और ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और परामर्श भी दिए। शिविर में अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश सैनी, डायबिटीज एवं हार्मोन रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष कुमार जोशी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक लखावत, डॉ. राजेंद्र भाटी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुगंधा गोयल तथा यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रकाश चौधरी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इसके अलावा मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार सैनी ने पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहने एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए। वहीं एम्स जोधपुर के ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवचरण नावरिया ने अंगदान जागरूकता विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
शिविर के दौरान राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित स्वर्गीय जालमसिंह महेचा, उप अधीक्षक पुलिस की स्मृति में आगामी 7 जून को आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात ने सभी चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और निस्वार्थ सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
Write a Response