2026 की प्रथम डीआरयूसीसी की बैठक संपन्न
- Posted on 25 मार्च 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 100 Views
जोधपुर, 25 मार्च। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल की रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसलटेटिव कमिटी - डीआरयूसीसी) की वर्ष 2026 की प्रथम बैठक बुधवार को मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई
जोधपुर रेल मंडल पर वर्ष 2026 की प्रथम डीआरयूसीसी की बैठक संपन्न
सदस्यों ने यात्रियों की सुविधा हेतु दिए महत्वपूर्ण सुझाव
जोधपुर, 25 मार्च। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल की रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसलटेटिव कमिटी - डीआरयूसीसी) की वर्ष 2026 की प्रथम बैठक बुधवार को मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव एवं समिति के नामित सदस्यों में से 11 सदस्य उपस्थित रहे। इनमें श्री पब्बाराम बिश्नोई (विधायक, फलौदी), श्री अर्जुन लाल (विधायक), श्री राजेंद्र चौधरी (सांसद प्रतिनिधि), श्री गणपत सालेचा, श्री बृजमोहन पुरोहित, श्री महावीर चोपड़ा, श्री मुकेश खत्री, श्रीमती मीना बडरिया, श्री गौरव अग्रवाल, श्री ब्रह्मदेव शर्मा एवं श्री जुगल किशोर शामिल थे।
बैठक के प्रारंभ में सचिव हितेश यादव ने सभी का स्वागत करते हुए समिति की कार्यप्रणाली एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने सदस्यों से रेल उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने हेतु रचनात्मक सुझाव देने का आग्रह किया।
उन्होंने अवगत कराया कि जोधपुर मंडल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनके तहत रेलवे अधोसंरचना एवं यात्री सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जा रहा है। प्रमुख कार्यों में जैसलमेर, बाड़मेर एवं पाली रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास शामिल है। इसके अलावा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर की स्थापना, प्लेटफॉर्म को हाई लेवल करना, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, नई ट्रेनों का संचालन एवं विस्तार, रेलवे फाटकों पर अंडरपास एवं पुलिया निर्माण, फुटओवर ब्रिज का निर्माण तथा कोच इंडिकेशन सिस्टम जैसे कार्य प्रगति पर हैं।
बैठक में डीआरयूसीसी सदस्यों ने रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए कई सुझाव दिए। इनमें रेलवे की खाली पड़ी भूमि का वाणिज्यिक उपयोग, प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव में वृद्धि, ट्रेनों में कोच संख्या बढ़ाने तथा व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार जैसे सुझाव शामिल रहे।
रेल प्रशासन द्वारा सदस्यों को आश्वस्त किया गया कि उनके सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.आर. बुनकर, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मनोहर सिंह, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर अनुपम कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अमित स्वामी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Write a Response