लाठी/पोकरण। जैसलमेर जिले के लाठी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग अमरदानदान पुत्र नाथूदन चारण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सांचौर के कासोला निवासी अमरदानदान अपने परिवार के साथ करणी माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लाठी के पास एनएच-11 पर चल रही उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चालक को आई नींद की झपकी के कारण हुआ, जिससे वाहन पर नियंत्रण खो गया।
हादसे में अमरदानदान की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनकी पत्नी हंस कंवर (50), पुत्र सुमेरदान (33), पोत्र उत्तमदान (14) तथा दोहितियां चंद्र कंवर (18) और सुशीला कंवर (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
सूचना पर लाठी थाना अधिकारी नाथूसिंह चारण एवं सहायक उपनिरीक्षक पदमचंद गोयल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Write a Response