जोधपुर में अवैध विस्फोटक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी जब्त
जोधपुर। शहर में अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सूरसागर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद कर परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज तथा पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल के निर्देशानुसार की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा और सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त प्रतापनगर रविन्द्र कुमार बोथरा के सुपरविजन में थाना सूरसागर के थानाधिकारी हरीश चन्द्र सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को थाना सूरसागर के आसूचना अधिकारी कांस्टेबल मनीष को सूचना मिली कि फिदूसर चौपड़ क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास अवैध विस्फोटक पदार्थ हो सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक वैन को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से अवैध विस्फोटक सामग्री जिसमें कार्डेक्स, सेफ्टी फ्यूज और डेटोनेटर बरामद हुए। पुलिस ने वाहन में मौजूद व्यक्ति से विस्फोटक पदार्थ रखने के संबंध में लाइसेंस के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह विस्फोटक सामग्री खनन क्षेत्र में अवैध विस्फोट करने के लिए उपयोग में ली जाती है।
बिना लाइसेंस विस्फोटक सामग्री रखने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही विस्फोटक सामग्री और परिवहन में प्रयुक्त ईको कार (नंबर RJ 19 CQ 5122) को जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कन्हैयालाल उर्फ कानाराम चौधरी पुत्र मांगीलाल जाट, उम्र 33 वर्ष, निवासी गांव चेराई, थाना ओसियां, जिला जोधपुर ग्रामीण के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना सूरसागर में प्रकरण संख्या 70/2026 धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
Write a Response