जोधपुर: शाला क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
जोधपुर, 5 मई। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने सोमवार सुबह शाला क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान का निरीक्षण कर खेल व्यवस्थाओं, आधारभूत ढांचे और संचालन प्रणाली का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण से पहले उन्होंने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर खेल परिसर के समग्र विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रवेश व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना आईडी कार्ड किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाए और केवल अधिकृत व्यक्तियों की ही एंट्री सुनिश्चित की जाए। साथ ही कोचेस के लिए आईडी कार्ड और निर्धारित ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने एथलेटिक ट्रैक और अन्य खेल परिसरों की सुरक्षा और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि ट्रैक पर सामान्य एक्सरसाइज या गैर-खेल गतिविधियों पर रोक लगाई जाए, ताकि उसकी गुणवत्ता बनी रहे। क्षतिग्रस्त ट्रैक की शीघ्र मरम्मत और खेल मैदानों के सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
मैदान, ट्रैक और स्विमिंग पूल सहित सभी खेल सुविधाओं में स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने, प्रत्येक गतिविधि के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त करने और जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने बिजली, पानी और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने, विशेष रूप से रात्रि उपयोग के लिए पर्याप्त लाइटिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही सुझाव पेटिका लगाने और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने योगशाला में आवश्यक निर्माण कार्य और स्विमिंग पूल को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। पूरे परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।
इस मौके पर नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, उपखंड अधिकारी प्रीतम कुमार, जेडीए निदेशक महेंद्र सिंह पंवार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Write a Response