जोधपुर। भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण 1 मई से शुरू होगा। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इस बार नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने जोधपुरवासियों से अपील करते हुए बताया कि 1 मई से 15 मई तक नागरिक जनगणना विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से स्वयं अपने मकान से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि स्वगणना की अवधि पूरी होने के बाद 16 मई से जनगणना दल क्षेत्र में जाकर यूनिक नंबर के आधार पर जानकारी का सत्यापन और संकलन करेगा। इससे डाटा की शुद्धता सुनिश्चित की जा सकेगी और प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाएगा।
जिला कलेक्टर ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जो देश की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इस बार नागरिकों को सीधे भागीदारी का अवसर दिया गया है, जिससे जनगणना अधिक सटीक और व्यापक बन सकेगी।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे इस डिजिटल पहल का लाभ उठाएं और स्वयं स्वगणना करने के साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
आलोक रंजन ने आमजन से आग्रह किया कि निर्धारित समयावधि में स्वगणना सुविधा का अधिकतम उपयोग करते हुए इस राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन में सक्रिय सहयोग दें, ताकि जनगणना 2027 का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।
Write a Response