दिनदहाड़े लाखों की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
जोधपुर, 3 मई। शहर के मण्डोर थाना क्षेत्र में सूने मकान में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना आंगणवा स्थित पाबूजी मंदिर के पास की है, जहां निवासी सांवरलाल पुत्र मिश्रीलाल जटिया के सूने मकान को निशाना बनाया गया। जानकारी के मुताबिक एक्टिवा सवार तीन युवक घर के बाहर पहुंचे और मौका देखकर मकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोर घर से करीब 7 मादलिया सोने के, एक तोला सोने का टीको, लगभग डेढ़ किलो चांदी के आभूषण और करीब 1 लाख 80 हजार रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामले में मण्डोर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दरगाह चौक, मदेरणा कॉलोनी, माता का थान निवासी 25 वर्षीय मोहसीन पुत्र फेजु खान कायमखानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच एएसआई शेषाराम के नेतृत्व में जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घर खाली छोड़ने से पहले सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Write a Response