टिकट दलालों पर शिकंजा

जोधपुर। रेल टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सख्त कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025-26 के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में 66 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के तहत ₹4 लाख 3 हजार का जुर्माना वसूला गया, जबकि करीब 250 संदिग्ध आईडी को ब्लॉक कराया गया है।

 


टिकट दलालों पर शिकंजा: 66 गिरफ्तार, ₹4.03 लाख जुर्माना, 250 आईडी ब्लॉक

जोधपुर। रेल टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सख्त कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025-26 के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में 66 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के तहत ₹4 लाख 3 हजार का जुर्माना वसूला गया, जबकि करीब 250 संदिग्ध आईडी को ब्लॉक कराया गया है।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (सुरक्षा) नीतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में यह सघन अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 143 के तहत कुल 63 मामले दर्ज किए गए, जो टिकटों की अवैध खरीद-फरोख्त और दलाली से जुड़े हैं।

कार्रवाई के दौरान जोधपुर, भगत की कोठी, मेड़ता रोड, समदड़ी और जैसलमेर रेलवे स्टेशनों के पीआरएस काउंटरों पर 16 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया। वहीं ऑनलाइन माध्यम से फर्जी तरीके से ई-टिकट बनाने और बेचने के मामलों में 47 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

आरपीएफ के अनुसार दर्ज मामलों में से 49 मामलों में 50 आरोपियों पर न्यायालय द्वारा जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके अलावा 3 मामलों में 4 आरोपी ट्रायल पर हैं, जबकि 11 मामलों में 12 व्यक्तियों के खिलाफ जांच अभी जारी है।

रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 143 के तहत बिना अनुमति टिकटों की खरीद-फरोख्त या दलाली करना दंडनीय अपराध है। इस अपराध में तीन वर्ष तक का कारावास, ₹10 हजार तक जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। सामान्यतः न्यूनतम सजा एक माह का कारावास या ₹5 हजार जुर्माना निर्धारित है।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट बुक करें और किसी भी दलाल के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि अपनी आईडी और पासवर्ड साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को पारदर्शी, सुरक्षित और उचित दर पर टिकट सुविधा उपलब्ध कराना है।

 
 
 
 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response