मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से किया संवाद, जनकल्याणकारी बजट पर जताया आभार
जयपुर। प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए पत्रकारों के साथ शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भजनलाल शर्मा ने पत्रकारों से प्रदेश के विकास, जनहित और शासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा की तथा पत्रकारों के सुझाव भी सुने।
संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की सजगता, निष्पक्षता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विकास और जनकल्याण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और राजस्थान को प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने हाल ही में जनकल्याणकारी बजट प्रस्तुत किया है, जिसमें आमजन की आवश्यकताओं और प्रदेश के समग्र विकास को प्राथमिकता दी गई है।
संवाद के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत जनकल्याणकारी बजट की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। पत्रकारों ने कहा कि बजट में आमजन, किसानों, युवाओं और विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जो प्रदेश के विकास में सहायक सिद्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के स्नेह और विश्वास के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों में मीडिया का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ कार्य कर रही है तथा सभी के सहयोग से “आपणो अग्रणी राजस्थान” के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और मुख्यमंत्री के बीच प्रदेश की विकास योजनाओं, जनहितकारी नीतियों और मीडिया की भूमिका पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मीडिया के सहयोग से सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में सफल होगी।
Write a Response