बोलेरो कैम्पर चोरी का 72 घंटे में खुलासा, वाहन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर। पुलिस थाना राजीव गांधी नगर ने निर्माणाधीन फ्लैट साइट से चोरी हुई नई बोलेरो कैम्पर का महज 72 घंटे में खुलासा करते हुए वाहन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों को नामजद कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज आईपीएस, पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत आईपीएस के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम रविन्द बोथरा आरपीएस के सुपरविजन में थाना अधिकारी रविन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 6 मई 2026 को धर्मसिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मुख्यमंत्री जनआवास योजना के अंतर्गत नयापुरा चौखा क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लैट्स की आरसीसी छत भराई का कार्य मैसर्स लाखलाल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। मजदूरों के आवागमन के लिए कंपनी की नई बोलेरो कैम्पर नंबर आरजे 14 जीयू 9442 साइट पर उपलब्ध करवाई गई थी। 5 मई की रात वाहन साइट पर खड़ा किया गया था, लेकिन अगले दिन सुबह वाहन गायब मिला।
रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा बोलेरो कैम्पर को ले जाए गए संभावित रास्तों की पहचान की। इसके साथ ही साइट पर कार्यरत मजदूरों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन के भाद्राजून, जालौर क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पुलिस ने बोलेरो कैम्पर को बरामद करते हुए आरोपी कुपाराम पुत्र खीमाराम मीणा निवासी मैवासा, थाना भाद्राजून जिला जालौर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि वारदात में दिनेश मीणा और प्रकाश मीणा भी शामिल थे। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में उप निरीक्षक पिन्टु कुमार, रामनारायण, निम्ब सिंह, प्रेमाराम, टिकम राम और महिपाल की विशेष भूमिका रही।
Write a Response