भीकमकोर हत्याकांड का खुलासा: 5 और आरोपी गिरफ्तार, कुल संख्या 9 पहुंची
फलोदी/जोधपुर, 03 अप्रैल 2026: जिले के भीकमकोर कस्बे में 21 मार्च को हुई युवक रावलसिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस द्वारा बरामद हथियारों और वाहनों के नेटवर्क की गहन जांच के साथ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि इस सनसनीखेज वारदात की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस थाना मतौड़ा क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई शुरू की गई और प्रार्थी कुलदीप सिंह की रिपोर्ट पर हत्या व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी डाटाबेस, मुखबिर तंत्र और साक्ष्यों के आधार पर पहले 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम ने फरार चल रहे 5 अन्य आरोपियों—विक्रमसिंह, घनश्याम जोशी, रमेश जाखड़, माणकराम और ब्रजराजसिंह—को भारतमाला पुल, पड़ासला और ओसियां मार्ग पर अलग-अलग स्थानों से पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से मनोवैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने हत्या की साजिश और अपनी भूमिका स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और 3 वाहन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। घनश्याम जोशी पर लूट, डकैती और चोरी के मामले दर्ज हैं, जबकि रमेश जाखड़ के खिलाफ 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं ब्रजराजसिंह पर हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर आरोपों के मामले दर्ज हैं।
एसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जा सके।
Write a Response