तेज साउंड की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर के रातानाडा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। केसर बाग वाल्मीकि बस्ती में तेज आवाज में साउंड बजने की सूचना पर पहुंची पुलिस पर कुछ युवकों ने लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना 17-18 मार्च 2026 की दरमियानी रात की है। उप निरीक्षक शिवदेव राम अपनी टीम के साथ रात्रिकालीन गश्त पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 4:15 से 4:30 बजे के बीच बस्ती में तेज साउंड बजने की शिकायत मिली, जिससे आसपास के लोग परेशान हो रहे थे। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साउंड बंद करने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
कुछ देर बाद मनीष उर्फ मोनू नामक युवक बाहर आया और पुलिस से अभद्रता करते हुए बहस करने लगा। पुलिस द्वारा समझाइश करने पर भी वह नहीं माना और अपने साथियों पंकज, अरुण, सोनू सहित अन्य लोगों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
हमले में कांस्टेबल विकास कुमार के हाथों में चोट आई, जबकि कांस्टेबल गोपाल भी पत्थर लगने से घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी और नेम प्लेट भी तोड़ दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम ने तत्काल पीसीआर को सूचना दी।
सूचना पर एयरपोर्ट, महामंदिर, उदयमंदिर थाना पुलिस व आरएसी का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया गया। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
रातानाडा थाने के एसआई शिवदेवराम की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं व एनसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
Write a Response