जयपुर/चूरू, 22 अप्रैल। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चूरू में रिश्वतखोरी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग चूरू के सहायक प्रोग्रामर विजय खैरीवाल, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक कुलदीप आलडिया तथा निजी व्यक्ति बलबीर बीग्गा शामिल हैं।

एसीबी के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी चूरू इकाई द्वारा की गई। महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी से राज्य सरकार की योजना के तहत 10 लाख रुपये की सहायता राशि दिलवाने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी। मामला अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना से जुड़ा हुआ है, जिसमें पहली किस्त स्वीकृत होने के बाद दूसरी किस्त जारी कराने के एवज में आरोपियों द्वारा 35 हजार रुपये की मांग की गई।
शिकायत के सत्यापन के दौरान 15 अप्रैल को निजी व्यक्ति के माध्यम से 20 हजार रुपये पहले ही ले लिए गए थे। इसके बाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप की कार्रवाई की। बुधवार को एसीबी टीम ने जाल बिछाकर बलबीर बीग्गा को परिवादी से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद की गई।
यह पूरी कार्रवाई एसीबी बीकानेर के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में अंजाम दी गई। मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Write a Response